पंजाब की भगवंत मान सरकार का एक और बड़ा फैसला, डेरा मुखियों, नेताओं समेत 424 बड़ी हस्तियों की सुरक्षा ली वापस
चंडीगढ़ः पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार एक के बाद एक बड़े फैसले ले रही हैं। इसी कड़ी भगवंत मान सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। पंजाब सरकार की तरफ से आज 424 व्यक्तियों से सुरक्षा वापस लेने का फैसला लिया है। आज जिन लोगों की सुरक्षा हटाई गई है, उनमें रिटायर्ड पुलिस अधिकारी, धर्मगुरु और राजनेता शामिल हैं। आदेशों में स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार सप्ताह के चलते इन हस्तियों व नेताओं की सुरक्षा टेंपरेरी तौर पर वापस ली गई है। इसका मुख्य कारण पंजाब पुलिस में मुलाजिमों की कमी भी है। इन मुलाजिमों को सुरक्षा के मद्देनजर पब्लिक प्लेस पर तैनात किया जाएगा।
जिक्रयोग्य है कि इससे पहले पंजाब सरकार ने सुनील जाखड़ समेत 8 कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा में कटौती की थी। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख सुनील जाखड़ की जेड-श्रेणी की सुरक्षा हटा दी गई थी और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर की सुरक्षा को वाई प्लस कर दिया गया था। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार सुरक्षा वापस लेने की कवायद को जारी रखे हुए है। जिन 8 लोगों की सुरक्षा में ये कटौती हुई थी, उसमें 127 सुरक्षाकर्मी और 9 वाहन वापस लिए गए थे।
बता दें कि जिनकी सुरक्षा वापिस ली गई है, उनमें शमशेर सिंह दूलो, रंजीव शुक्ला, हरमिन्दर सिंह गिल, जगदेव सिंह कमालू, कुलजीत सिंह नागरा, मदन लाल जलालपुर, बलविन्दर सिंह लाडी, सिद्धू मूसेवाला, सुखदेव सिंह ढींडसा, राणा के.पी., गनीव कौर मजीठिया, संत नरिंजन दास बल्लां, डेरा राधा स्वामी ब्यास, बाबा हरजोत सिंह, कशमीरा सिंह से सुरक्षा वापिस ली गई है।







