नवजोत सिद्धू के घर घुसा संदिग्ध व्यक्ति, सेक्युरिटी अलार्म बजते ही भागा
पटियाला : पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के घर में रविवार शाम 7 बजे एक अज्ञात व्यक्ति घुस आया। उक्त जानकारी सिद्धू ने एक ट्वीट के माध्यम से दी। सिद्धू ने ट्वीट कर के कहा, ”आज मेरे घर की छत पर एक ग्रे कंबल में लपेटे एक अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति को लगभग 7:00 बजे देखा गया। सिद्धू उस समय घर में ही मौजूद थे।
सिद्धू ने आगे लिखा कि जैसे ही मेरे नौकर ने सिक्योरिटी अलार्म बजाया और मदद के लिए पुकारा, वह अज्ञात व्यक्ति तुरंत वहां से नौ दो ग्यारह हो गया। सिद्धू ने बताया कि उन्होंने पंजाब पुलिस के डीजीपी और पटियाला के एसएसपी को इसके बारे में सूचित कर दिया है। सिद्धू ने ट्वीट में लिखा कि यह सुरक्षा चूक मुझे पंजाब के लिए आवाज उठाने से नहीं रोक पाएगी।








