बेखौफ लुटेरों का आतंक, दिनदहाड़े कारोबारी के घर पर बोला धावा, लाखों रूपए के गहने लूट हुए फरार
जालंधर : महानगर में बेखौफ लुटेरों का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है आए दिन चोर-चोरी लूटपाट और छीनाझपटी जैसी वारदातों को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला शहर के अधीन आती राजा गार्डन कॉलोनी से सामने आया है यहां लुटेरों ने बीते दिन एक कारोबारी के घर पर धावा बोलते हुए वहां से लाखों रूपए की नकदी और सोने के गहने लूट मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिन दिहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए स्पोर्ट्स कारोबारी जगदीश कोहली के बेटे पुण्यातम कोहली ने बताया कि बीते दिन दोपहर वह अपने पिता के साथ शोरूम में था, वहीं उनकी पत्नी अपनी माता का पता लेने अस्पताल गई थी जबकि बेटी ट्यूशन चली गई। रात को जब वह घर लौटे तो देखा कि कमरे का सामान उथल-पुथल था जब उन्होंने अलमारियां चैक की तो उसमें रखे सोने के गहने जिसकी कीमत लाखों रूपए थी गायब थे।
पुण्यातम कोहली ने बताया कि जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो देखा कि दोपहर बाद करीब 4 बजे के आसपास दो चोर आते दिखाई दे रहे थे। उन्होंने आसपास के लोग इक्ट्ठा किए तो घर की बैक साइड पर जाकर पता लगा कि चोर खाली प्लाट से घर में घुसे थे। पुण्यातम कोहली ने बताया कि बीते एक माह में राजा गार्डन में यह चौथी चोरी की वारदात है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना सात की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर अज्ञात लुटेरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही लुटेरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







