मुंडका अग्निकांड, मौके पर पहुंचे सीएम केजरीवाल, मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख मुआवजे का ऐलान, दिए घटना की जांच के आदेश
नई दिल्लीः शनिवार दोपहर के दिल्ली के मुंडका में हुए भीषण अग्निकांड के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने हालात का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया और हालातों का जायजा लिया। वहीं इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए मदद का ऐलान भी किया है। वहीं इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश भी दिए हैं।
जानकारी अनुसार सीएम अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने हालात का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। केजरीवाल ने कहा, ‘घटना की मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।’ दिल्ली के सीएम ने कहा कि आग इतनी भयावह थी और शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। केजरीवाल ने कहा, ‘दिल्ली सरकार लापता लोगों और मृतकों की पहचान के लिए मदद मुहैया करा रही है।’ बता दें कि दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी शुक्रवार की रात घटनास्थल का दौरा किया था।







