माचिस जलाने के लिए तैयार दिखाई देने पर जोड़े पर तुरंत पानी डाला गया. पड़ोसियों और अन्य लोगों को दंपति से जल्दबाज़ी में कुछ न करने का अनुरोध करते हुए देखा गया और नगर निगम के अधिकारियों से विध्वंस को रोकने की गुहार लगाई गई
एक दंपत्ति अपने शरीर में पेट्रोल छिड़ककर खड़े हो गए. उनके हाथों में माचिस की तीली थी. पुलिस और तमाशबीन लोगों ने उनको घेरा हुआ था. अचानक पुलिस उनकी ओर बढ़ी तो पति ने पत्नी को माचिस पकड़ा दी. अब वो तुरंत इसको जलाने लगी. तब तक कुछ लोग पीछे से चढ़कर महिला को पकड़ लिया और ऊपर की ओर खींचने लगे. पति को पुलिस वालों ने पकड़ लिया. इस घटना का पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अब हम आपको बताते हैं कि पूरा मामला क्या है?
ये घटना बेंगलुरु की है. यहां पर पिछले दिनों बारिश के कारण पूरा शहर पानी-पानी हो गया था. कर्नाटक सरकार ने इसका कारण बड़े पैमाने में अतिक्रमण को बताया था. अब प्रशासन इसके खिलाफ एक्शन में है और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है. जब ये पीला पंजा दंपति के घर पहुंचा तो बुलडोजर के सामने खड़ा हो गया और उसने धमकी दी कि अगर उनके घर को तोड़ा गया तो वह खुद को आग लगा लेंगे.
घर में तोड़फोड़ का विरोध करने लगा दंपत्ति
बीबीएमपी (ब्रुहट बेंगलुरु महानगर पालिक) शहर के उत्तरपूर्वी हिस्से में केआर पुरम के एसआर लेआउट में तोड़फोड़ कर रहा था. बुलडोजर के पास पहुंचे तो सोना सेन और उनके पति सुनील सिंह चिल्लाए कि वे खुद को आग लगा लेंगे. वे अपने घर के बाहर दीवार से चिपके रहे, उनमें से एक के पास पेट्रोल की बोतल थी. वीडियो में वो खुद पर पेट्रोल डालते हुए देखे गए. उसके बाद पुलिसकर्मी और पड़ोसी उन्हें पकड़कर ऊपर खींचने की कोशिश करते हैं.
पुलिस और पड़ोसियों ने किया रेस्क्यू
माचिस जलाने के लिए तैयार दिखाई देने पर जोड़े पर तुरंत पानी डाला गया. पड़ोसियों और अन्य लोगों को दंपति से जल्दबाज़ी में कुछ न करने का अनुरोध करते हुए देखा गया और नगर निगम के अधिकारियों से विध्वंस को रोकने की गुहार लगाई गई. दंपति ने प्रशासन पर उन्हें बेघर छोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनके पास यह साबित करने के लिए दस्तावेज हैं कि उनका घर अवैध नहीं है. नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि दंपति का घर उस इलाके के छह घरों में से एक है जो आंशिक रूप से एक नाले पर बनाया गया है.







