तीन दिवसीय यूरोप यात्रा के लिए जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंचे पीएम मोदी, चांसलर से करेंगे मुलाकात
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल की अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंच गए हैं। यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिले। शाम 4.15 पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। पीएम मोदी से मिलने के दौरान भारतीय समुदाय के लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली और ‘मोदी—मोदी’, ‘वंदे मातरम’ व ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
गौरतलब है कि अपनी तीन दिवसीय यात्रा के पहले चरण में पीएम बर्लिन में जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज के साथ छठे भारत-जर्मनी इंटर-गवर्नमेंटल कंसल्टेशन में शामिल होंगे। फिर शाम को बर्लिन में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ने बर्लिन पहुंचते ही ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि वह चांसलर ओलाफ स्कोल्ज से बात करेंगे। इसके अलावा व्यापारिक नेताओं के साथ बैठक और एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। उन्हें विश्वास है कि यह यात्रा भारत और जर्मनी की दोस्ती को बढ़ावा देगी। उनकी यह यात्रा ऐसे समय होगी, जब यूक्रेन संकट जारी है। पीएम मोदी 50 वैश्विक व्यवसायियों से भी बातचीत करेंगे। पीएम मोदी की इस यात्रा और बैठकों को काफी अहम माना जा रहा है।
मोदी की यात्रा के दौरान ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक संबंध, टिकाऊ विकास, जलवायु एवं हरित ऊर्जा सहित विविध क्षेत्रों में विस्तृत चर्चा होगी। विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान इन देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा बनाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के दौरान यूक्रेन का मुद्दा भी चर्चा में उठेगा। विनय क्वात्रा ने कहा कि वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों की पृष्ठभूमि में ऊर्जा सुरक्षा का मुद्दा महत्वपूर्ण है और यूरोपीय देशों के नेताओं के साथ बैठक में यह विषय चर्चा के लिए आएगा।







