तहसील और सुविधा सेंटर में सीएम मान की रेड, लोगों की सुनी समस्याएं, बोले-सेवा के लिए हमेशा हाजिर
लुधियानाः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीरवार को समराला की तहसील और सुविधा सेंटर का अचानक दौरा किया। जिसका वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों की परेशानियां सुनी। सीएम मान को देख वहां मौजूद लोग काफी उत्साहित दिखे। महिला, बुजुर्ग और जवान हर कोई सीएम मान के साथ तस्वीर ले रहा था। लेकिन इस दौरान कई लोगों ने उनसे अपनी समस्याएं भी शेयर की। सीएम मान ने नाम, पते व फोन नंबर के साथ सभी शिकायतों को अपने पीए को नोट भी करवाया और हल होने का आश्वासन भी दिया।
सीएम मान ने कैप्शन में लिखा,” लोगों की सरकार हर समय लोगों के लिए हाजिर है, समराला स्थित तहसील में सुविधा सैंटर पर अचानक दौरा करने आए है। बता दें कि इस दौरान सीएम मान ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर उनके हल निकाले। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद सीएम भगवंत मान सीधा ही समराला तहसील के अंदर पहुंच गए। जहां वह तहसीलदार विकास अग्रवाल से मिले। उन्होंने लोगों की समस्याओं को पहल के आधार पर हल करने की नसीहत दी। उन्होंने इस दौरान तहसीलदार की ताकत के बारे में समझाया कि उनकी कलम लोगों की सालों की समस्याओं को दूर कर सकती हैं।
वहीं, सीएम मान ने स्पष्ट कहा कि वह यहां गलतियां निकालने नहीं आए हैं। अगर कोई समस्या है तो उन्हें बता सकते हैं। जिसके बाद तहसीलदार विकास अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि तहसील में पब्लिक टॉयलेट की दिक्कत है। जिसके बाद सीएम मान ने यह पॉइंट अपने पास नोट किया और वहां से चले गए।







