डेरा सच्चा सौदा के मुखी बाबा राम रहीम की बढ़ी मुशिकलें, फरीदकोट अदालत ने प्रोडक्शन वारंट किया जारी
चंडीगढ़ः सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के मुखी बाबा राम रहीम की मुशिकलें एक बार फिर से बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। जानकारी अनुसार, बरगाड़ी बेअदबी मामले में दर्ज दो केसों में फरीदकोट की अदालत ने प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। अदालत द्दारा 4 मई के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी किया गया है। इस दौरान एसआईटी राम रहीम से पूछताछ करेगी। बता दें कि इससे पहले भी राम रहीम के खिलाफ श्री गुरु ग्रंथ साहिब का पावन स्वरूप चोरी होने की एफआईआर नंबर 63 में प्रोडक्शन वारंट जारी हुआ था। मगर, सुरक्षा कारणों के चलते बाबा की याचिका पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उस पर रोक लगा दी थी। इसके बाद एसआईटी ने बाबा से रोहतक की सुनारिया जेल में जाकर पूछताछ की थी।
राम रहीम के खिलाफ साल 2015 में दर्ज हुए 2 केस में वारंट जारी हुआ है। इसमें पहला केस एफआईआर नंबर 117 का है। जिसमें विवादित पोस्टर लगाने का आरोप है। दूसरा केस एफआईआर नंबर 128 का है, जिसमें श्री गुरू ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप की बेअदबी हुई थी। दोनों केस में पुलिस ने राम रहीम को मुख्य साजिशकर्ता करार दिया है।
इन दोनों केसों में पुलिस ने बाबा राम रहीम को मास्टरमाइंड बनाया है। सरकार बदलने के बाद बाबा को इन दोनों केसों में नामजद किया गया। पंजाब पुलिस ने इस संबंध में कोर्ट में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की थी। जिसमें कहा गया कि एफआईआर नंबर 117 में विवादित पोस्टर के मामले के पीछे भी राम रहीम है। इसके अलावा एफआईआर नंबर 128 के बेअदबी मामले में भी वही प्रमुख आरोपी है। इस मामले में बरगाड़ी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन अंग गलियों में बिखरे मिले थे।







