
जालंधर में थाने के बाहर धरने पर बैठी महिला
जालंधर कमिश्नरेट के थाना डिवीजन नंबर-6 के बाहर एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर देर रात धरना प्रदर्शन किया। महिला ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा दर्ज करवाए गए केस में गिरफ्तार आरोपी विनीत गुप्ता को पुलिस वीआईपी ट्रीटमेंट दे रही है। गिरफ्तार किया गया आरोपी पीड़ित महिला का जेठ है।
महिला ने बताया कि सुबह से पुलिस ने उसे थाने में बैठाया हुआ है और उसे वीआईपी ट्रीटमेंट दे रही है। जब इस बारे में उसे पता चला तो उसने पति के साथ थाने के बाहर धरना लगा दिया। जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार किए गए उक्त आरोपी को हवालात में बंद किया। इस पर महिला और उसके पति ने धरना खत्म किया।
आरोपी पर 20 लाख ठगी करने का आरोप
पीड़ित पुनीत गुप्ता ने पुलिस को दिए गए बयानों में कहा- उसके भाई विनीत गुप्ता ने उनके साथ 20 लाख रुपए की ठगी की है। कमिश्नरेट पुलिस की एंटी फ्रॉड विंग ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 419, 420, 511, 465, 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज करने की रिपोर्ट बना कर भेजी थी। जिसके आधार पर पुलिस ने बीते दिन केस दर्ज किया था। सोमवार को पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।
पोस्ट ऑफिस पहुंचे तो ठगी का पता चला
पीड़ित पुनीत गुप्ता ने कहा- उनके भाई विनीत गुप्ता ने उनके जाली साइन कर मॉडल टाउन में स्थित पोस्ट ऑफिस में जाकर उसका पीपीएफ अकाउंट बंद करवा कर 20 लाख रुपए निकलवा लिए। जब उसे ठगी के बारे में पता चला तो वह तुरंत पोस्ट ऑफिस पहुंचा। जहां से पता चला कि उसके भाई ने ही ठगी की थी।
महिला ने आरोप लगाया है कि पुलिस राजनीतिक दबाव के चलते ऐसा कर रही है। यही नहीं, पुलिस ने पति के साथ बदसलूकी भी की।







