जालंधर पुलिस ने किया चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
जालंधरः महानगर के अंतर्गत आते माडल टाऊन पुलिस ने एक चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 4 मोटरसाइकिलों सहित 3 एक्टिवा भी बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
इस संबंधी जनकारी देते हुए थाना प्रमुख कमलजीत सिंह ने बताया कि एएसआई जगदीश लाल तथा पीसीआर-42 पर तैनात एएसआई स्वर्ण सिंह व एएसआई सुखविन्द्र सिंह ने आरोपियों को एक सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। वहीं पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप कुमार निवासी विजय कालोनी, पुष्पिंदर निवासी न्यू कलगीधर एवेन्यू, जतिंदर कुमार निवासी विजय कालोनी, शिवम कुमार निवासी अर्बन एस्टेट फेस-1 तथा दीपू कुमार निवासी अर्बन एस्टेट फेस-2 के रूप में हुई है। उक्त सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है तथा आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
एसएचओ कमलजीत सिंह ने बताया कि जांच में पता चला है कि पुशपिन्द्र के खिलाफ थाना सदर जमशेर,शिवम के खिलाफ थाना रामा मंडी तथा जतिन्द्र कुमार के खिलाफ थाना डिवीजन नम्बर-7 में भी चोरी व लूटपाट के मामले दर्ज हैं और इन मामलों में आरोपी जेल भी जा चुके हैं लेकिन जेल से जमानत पर बाहर आ जाने के बाद भी उन्होंने गैर कानूनी कामों को अंजाम देना बंद नहीं किया।







