जालंधर पहुंचे सीएम भगवंत मान ने सब इंस्पेक्टरों को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले-अब बिना सिफारिश मिलती है नौकरी
जालंधरः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को जालंधर पहुंचे यहां उन्होंने पुलिस विभाग में सिलेक्ट हुए 560 सब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार ने की एक और घोषणा पूरी की। साथ ही उन्होंने नौकरी को लेकर विपक्ष पर भी जमकर तंज कसा। सीएम भगवंत मान ने कहा कि राज्य में नौकरी भर्ती पारदर्शी तौर पर की जा रही है।
सभा में बैठे सभी लोगों से पूछते हुए उन्होंने कहा कि भर्ती में कोई भी पैसा लगा हो तो बता दीजिए। उन्होंने कहा कि कल मेरे पास एक मैसेज आया है कि भगवंत मान तो हरियाणा, राजस्थान के लोगों की नौकरी दे रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि आज वाली भर्ती में 95% पंजाब से हैं। 31 हरियाणा और 4 राजस्थान के हैं, लेकिन वे भी पंजाब के ही हैं। सीएम मान ने कहा कि पंजाबियत को मैं कितना प्यार करता हूं। मुझे यह दिखाने के लिए एनओसी नहीं चाहिए। मेरे सपने में भी पंजाब है।
बता दें कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं। पुलिस कमिश्नर कुलदीप चाहल ने कहा कि पुलिस की सुरक्षा चाक चौबंद है। हर तरफ निगरानी रखी जा रही है। पूरे इलाके में नाकाबंदी करवाई गई है। सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिक्रयोग्य है कि इससे पहले मुख्यमंत्री द्वारा एक दिन पहले ही 710 पटवारियों को नियुक्ति दिए जा चुके है। इस दौरान सीएम मान ने कहा था कि अब उम्मीदवारों को ट्रेनिंग के दौरान 5 हजार रुपए के बजाय 18 हजार रुपए प्रति महीना वित्तीय भत्ता दिया जाएगा।







