जालंधर नागरिक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करने में अग्रणी स्थान पर बरकरार
पिछले एक वर्ष में सरकारी सेवाओं के लिए 378483 आवेदन स्वीकृत
जिला प्रशासन लोगों को समय पर एवं निर्बाध ढंग से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए वचनबद्ध : डिप्टी कमिश्नर
MBD NEWS जालंधर, 16 जनवरी:जालंधर ने राज्य भर में सेवा केंद्रों द्वारा जिले के लोगों को आसानी से एवं सबसे कम पेंडेंसी दर के साथ नागरिक केंद्रित सेवाएं प्रदान करने का अपना रिकॉर्ड बरकरार रखा है।
डिप्टी कमिश्नर डा.हिमांशु अग्रवाल ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि पिछले एक वर्ष (16 जनवरी 2024 से 15 जनवरी 2025) के दौरान प्रशासन को जिले भर में सेवा केंद्रों के माध्यम से विभिन्न नागरिक सेवाओं के लिए कुल 399573 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 378483 आवेदनों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया गया।
डा.अग्रवाल ने बताया कि 13237 आवेदन अपूर्णता अथवा अन्य कमियों के कारण अस्वीकृत कर दिए गए है जबकि 5260 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं, जिनका निर्धारित समय में निपटारा कर आवेदकों को सेवाएं प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लोगों को समय एवं निर्बाध ढंग से सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि सेवाओं के लिए प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश अधिकारियों को पहले ही जारी किए जा चुके है। इसके अलावा, जहां सेवा केंद्रों के प्रदर्शन की नियमित रूप से समीक्षा की जाती है, वहीं सेवाएं प्राप्त करने आए लोगों से फीडबैक भी लिया जाता है ताकि लोगों को सेवाएं प्राप्त करने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के निरंतर प्रयासों के कारण, जालंधर ने सबसे कम पेंडेंसी दर के साथ सेवाएं प्रदान करने में राज्य में अग्रणी स्थान बनाए रखने में यह सफलता हासिल की है।
बता दे कि जिले में इस समय 35 सेवा केंद्र कार्यरत है, जिनके माध्यम से विभिन्न विभागों से संबंधित 435 सेवाएं लोगों को प्रदान की जा रही हैं।







