अब आनंदपुर साहिब में हजारों युवाओं ने केंद्र की अग्निपथ स्कीम का किया जोरदार विरोध , चरण गंगा पुल रोड किया जाम
आनंदपुर साहिबः केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई अग्निपथ स्कीम का विरोध जहां पूरे देश में हो रहा है, वहीं इसकी आग अब आनंदपुर साहिब तक भी पहुंच गई है, जिसके तहत हजारों युवाओं ने रविवार को इस स्कीम का जोरदार विरोध कर रहे हैं। जिसके तहत युवाओं ने आज रोष मार्च कर केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। युवाओं ने चरण गंगा पुल पर रोड जाम किया, साथ ही उन्होंने जिला स्तर के संघर्ष के लिए 21 मेंबरी कमेटी का गठन भी किया। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा युवाओं के प्रदर्शन को देखते हुए कहीं-कहीं अलर्ट भी जारी किया गया है।
जानकारी अनुसार रविवार को हजारों युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष मार्च आनंदपुर साहिब शहर के बीचों-बीच होकर चरण गंगा पुल पर पहुंचा।, जिसमें युवाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने रविदास चौक और नई आबादी इलाके में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चरण गंगा पुल पर रोड जाम कर दिया। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी रोड जाम करके धरने पर बैठे हैं। मौके पर अमन शांति कायम रखने के लिए आनंदपुर साहिब पुलिस फोर्स तैनात है।
युवाओं का कहना है कि केंद्र के नए फरमान से सेना का अपमान हुआ है। 4 साल सेना में रहो और उसके बाद पेंशन भी न मिले यह बिल्कुल गलत है। हम केंद्र से इस फैसले को जल्द वापस लेने की मांग करते हैं। गौर हो कि इससे पहले पठानकोट में युवाओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंक इस योजना के खिलाफ नाराजगी जाहिर की थी। इसके साथ ही उन्होंने नारेबाजी भी की थी।







