‘बिग बॉस’ फेम और बीजेपी नेता सोनाली फोगाट का निधन, गोवा में आया हार्ट अटैक
मुंबईः ‘बिग बॉस’ फेम और बीजेपी नेता व सोशल मीडिया स्टार सोनाली फोगाट का 42 साल की उम्र में हार्टअटैक की वजह से निधन हो गया है। वह अपने स्टाफ के कुछ सदस्यों के साथ गोवा गई थीं जहां उन्हें बीती रात हार्ट अटैक आ गया। बता दें कि सोनाली फोगाट सलमान खान के फेमस शो बिग बॉस 14 का हिस्सा रही थीं।
इस बात की पुष्टि गोवा के डीजी ने की है, डीजी के अनुसार, नार्थ गोवा के एसटी एंटिनी अस्पताल से पुलिस को सोनाली फोगाट के मौत की जानकारी मिली है। लोकल पुलिस अभी अस्पताल गई है, फिर होटल जाएगी। वैसे तो सोनाली सोशल मीडिया पर काफी फेमस हो चुकी थीं। लेकिन उन्हें ‘बिग बॉस 14’ में बतौर प्रतियोगी देखा गया। सोनाली का डांस और उनकी बातों ने लोगों का मन मोह लिया था।
जानकारी अनुसार, सोनाली ने अपने करियर की शुरुआत साल 2006 में एंकरिंग से की थी। वह हिसार दूरदर्शन के लिए एंकरिंग करती थीं। दो साल बाद 2008 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली और तब से वह राजनीति में सक्रिय हो गई हैं। सोनाली ने कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था। मगर चुनाव में वह हार गई थीं।
सोनाली फोगाट का विवादों से नाता रहा है। पुलिस अधिकारी को पीटने से लेकर पति की रहस्यमयी मौत तक, सोनाली कई बार चर्चा में रही हैं। साल 2016 में हरियाणा के एक फार्महाउस पर सोनाली फोगाट के पति संजय की लाश मिली थी। उनकी मौत कैसे हुई, इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई। सोनाली उस वक्त मुंबई में थीं।







