गुजरातः भरूच की केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट, 6 कर्मियों की झुलसकर मौत
अहमदाबादः गुजरात के भरूच जिले में सोमवार को एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से विस्फोट गया, जिसमें छह कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अहमदाबाद से करीब 235 किलोमीटर दूर दहेज औद्योगिक क्षेत्र स्थित इकाई में सुबह तीन बजे हुई। भरूच पुलिस अधीक्षक लीना पाटिल ने बताया कि हादसे में मारे गए छह लोग उस संयंत्र के निकट काम कर रहे थे। जिसमें रिसाव के कारण अचानक विस्फोट हो गया।
उन्होंने कहा, ‘संयंत्र में विस्फोट के कारण कारखाने में आग लग गई। संयंत्र के निकट काम कर रहे सभी छह लोगों की मौत हो गई। शवों को बाद में बरामद करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जिस वक्त आग लगी, उस वक्त ओम ऑर्गेनिक कंपनी में डिस्टिलेशन प्रोसेस चल रही थी। आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही धुएं के गुबार दिखाई दे रहे थे। हादसे के बाद फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। अधिकारी ने बताया कि हादसे में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ हैं।
इससे पहले भी भरूच की केमिकल कारखानों विस्फोट होते रहे हैं। 23 फरवरी 2021 को जीआईडीसी की केमिकल कंपनी यूपीएल-5 के प्लांट में धमाके के साथ आग लग गई थी। हादसे में 24 लोग झुलस गए थे। धमाका इतना तेज़ था कि उसकी आवाज 20 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी थी।







