‘भाभी जी घर पर हैं’ के मलखान का हुआ निधन, क्रिकेट खेलने के दौरान गिर पड़े थे दीपेश भान
मुबंईः पॉपुलर टीवी शो ‘भाभी जी घर पर हैं’ में मलखान का किरदार निभाकर लोगों को हंसाने वाले एक्टर दीपेश भान का शनिवार सुबह निधन हो गया है। 11 मई 1981 को जन्मे दीपेश महज 41 की उम्र में ये संसार छोड़ कर चले गए। बताया जा रहा है कि, एक्टर शुक्रवार को क्रिकेट खेलते हुए गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक्टर दीपेश भान के निधन की खबर की पुष्टि शो के असिस्टेंट डायरेक्टर अभिनीत ने की है। साथ ही शो में टीका सिंह का किरदार निभाने वाले वैभव माथुर ने भी इस खबर को कन्फर्म किया है। उन्होंने कहा, हां अब वो नहीं रहे। इस पर मैं कुछ नहीं बोलना चाहता, क्योंकि बोलने को कुछ बचा ही नहीं है।
बता दें कि दीपेश ने दिल्ली से ग्रेजुएशन करने के बाद सीधे नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एडमिशन लिया था। यहां से एक्टिंग का कोर्स पूरा करना के बाद दीपेश साल 2005 में मुंबई आ गए थे। शो में लड़कियों के साथ फ्लर्ट करने वाले दीपेश भान असल में शादीशुदा थे। उनकी शादी मई 2019 में दिल्ली में हुई थी। जनवरी 2021 में दीपेश एक बच्चे के पिता बने थे।
टीवी एक्ट्रेस कविता कौशिक ने भी दीपेश के निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी है। कविता ने ट्विटर पर लंबी पोस्ट के साथ दीपेश को याद किया है। भले ही दीपेश को ज्यादा पहचान ‘भाभी जी घर पर है’ से मिली लेकिन इसके पहले भी वह कई कॉमेडी शो की जान रहे हैं। वह ‘भूतवाला सीरियल,’ ‘एफआईआर’, ‘कॉमेडी का किंग कौन’, ‘कॉमेडी क्लब’ के साथ ‘चैंप’ और ‘सुन यार चिल मार’ जैसे शोज में भी काम कर चुके हैं।







