मंदिर में लाई गई भगवान श्री राम की प्रतिमा, कल 12:30 बजे गर्भ गृह में होगी स्थापित

Ram Temple Ayodhya: राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए बस पांच दिन का इंतजार बाकी है. प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन अयोध्या में विशाल भंडारा आयोजित होगा. राम मंदिर से जुड़ी खबरों का अपडेट जानने के लिए आप चलते रहिए इस लाइव ब्लॉग के साथ.
22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी इसके लिए रामनगरी अयोध्या (Ayodhya) में जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं. दिव्य और पवित्र अनुष्ठान शुरू हो चुका है. आज रामलला की मूर्ति राम जन्मभूमि परिसर में प्रवेश करेगी. इसे लेकर भक्तों में भारी उत्साह है.
कल मंदिर के गर्भ गृह में स्थापित होगी रामलाल की प्रतिमा
अयोध्या स्थित राम मंदिर में 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले किये जा रहे अनुष्ठानों के तहत दूसरे दिन बुधवार को सरयू नदी के तट पर ‘कलश पूजन’ किया गया. भगवान श्री राम की प्रतिमा अब अयोध्या पहुंच चुकी है. प्रतिमा को कल 12:30 बजे गर्भ गृह में स्थापित किया जाएगा. मंदिर ट्रस्ट के एक सदस्य ने यह जानकारी दी. अनुष्ठानों का सिलसिला मंगलवार को शुरू हुआ जो बुधवार को यहां सरयू नदी के तट पर ‘यजमान’ (मुख्य यजमान) द्वारा ‘कलश पूजन’ के साथ जारी रहा. इसके पहले मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा था कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन होने वाले अनुष्ठानों से पहले के इन अनुष्ठानों का सिलसिला 21 जनवरी तक जारी रहेगा. राय ने यह भी कहा था कि समारोह के दिन राम लला की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े न्यूनतम जरूरी अनुष्ठानों को किया जाएगा.
अयोध्या स्थित राम मंदिर को लेकर विश्व आर्थिक मंच(डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक के दौरान स्विट्जरलैंड के स्की रिसॉर्ट शहर दावोस में भी हलचल देखने को मिली. श्रद्धालु यहां आगामी सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर राम भजन आयोजित करने और दीये जलाने की योजना बना रहे हैं. इसके अलावा सरकारी और निजी क्षेत्र के कई वैश्विक कारोबारी लोग भारतीय प्रतिनिधिमंडल से पूछताछ कर रहे हैं. ये लोग उत्तर प्रदेश के शहर अयोध्या को एक बड़े धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने से सृजित कारोबारी और अवसरंचना संबंधी अवसरों के बारे में जानना चाहते हैं. डब्ल्यूईएफ वार्षिक बैठक-2024 से इतर ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि वह श्रद्धालुओं के एक समूह से मिली जिसने उनसे पूछा कि क्या वे भी राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह मना सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘यहां कुछ राम भक्तों ने मुझसे एक संदेश रिकॉर्ड करने के लिए कहा ताकि यहां के समुदाय को राम भजन करने और 22 जनवरी को दीये जलाने के लिए प्रेरित किया जा सके.








