भारी बरसात के कारण पठानकोट एयरपोर्ट को जाने वाला रास्ता कटा,कटाव की वजह से हिमाचल के गांवों से कटा संपर्क..
पंजाब में मौसम बदल गया है। गुरुवार रात को शुरू हुई बरसात शुक्रवार सुबह भी जारी रही। इससे कई इलाकों में जलभराव हो गया और लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पंजाब में गुरुवार रात से कई जिलों में बरसात हो रही है। पठानकोट में रात से जारी भारी बरसात के कारण एयरपोर्ट को जाने वाला रास्ता चक्की दरिया में बह गया। एयरपोर्ट के अलावा हिमाचल की चार पंचायतों के कई गांवों को जाने का भी कोई रास्ता नहीं बचा है। कटाव के दूसरी तरफ रहने वाले लोगों का संपर्क पूरी तरह शहर से कट गया है। वहीं बठिंडा और जलालाबाद में भी सुबह से बरसात हो रही है।
वहीं मुक्तसर में पहली बरसात ने ही प्रशासन के दावों की पोल खोल दी। देर रात साढ़े तीन बजे से शुरू हुई बरसात सुबह भी जारी रही। भारी बरसात से शहर में कई घरों व दुकानों में पानी भर गया। इससे लोग काफी परेशान दिखे। अबोहर में भी भारी बरसात से जलभराव हो गया।
अमृतसर में भी बरसात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सुबह चार बजे शुरू हुई हल्की बारिश सुबह 11 बजे तक जारी है। बारिश का पानी शहर की सड़कों पर भर गया है। बच्चों को स्कूल जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश ने आटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर काम ठप कर दिया। बारिश के चलते ट्रैक पर सुबह तक काम शुरू नहीं किया जा सका। ड्राइविंग लाइसेंस के लिए अपनी फोटो खिंचवाने और ड्राइविंग टेस्ट देने पहुंचे कई लोगों को तो बारिश में भीगने के बाद बैरंग लौटना पड़ा।







