अब जेट एयरक्राफ्ट में सफर करेगी मान सरकार, एयर चार्टर सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों से लिए आवेदन
चंडीगढ़ः मान सरकार अपने आरामदायक सफर करने के लिए जल्द ही 8-10 सीटर विंग जेट एयरक्राफ्ट शामिल करने वाली है। मान सरकार ने इसके लिए कई एयर चार्टर सर्विस देने वाली कंपनियों से आवेदन भी हासिल किये हैं। चार्टर कंपनियों को पैनलबद्ध होने के लिए 27 जनवरी 2023 तक आवेदन भेजने थे। सरकार जल्द ही निर्धारित नियम-शर्तों और बेहतर ऑफर के आधार पर एक कंपनी को सिलेक्ट करेगी।
मिली जानकारी के अनुसार राज्य सरकार सरकारी हेलीकॉप्टर के अलावा निजी फिक्सड विंग जेट भी पंजाब के आसमान से अन्य राज्यों में जाता दिखाई देगा। चार्टर सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों ने पंजाब सरकार के चंडीगढ़ सेक्टर-17 स्थित बेस बिल्डिंग में मौजूद सिविल एविएशन के डायरेक्टर आफिस में अपने बेहतर ऑफर के साथ आवेदन भेजे हैं। बता दें कि साल 2024 के चुनावों के मद्देनजर पंजाब की मान सरकार द्वारा प्राइवेट जेट का अधिक इस्तेमाल किया जाना संभावित माना जा रहा है। ऐसे में राज्य सरकार पर आर्थिक खर्च पहले से कहीं अधिक बढ़ेगा।
जिक्रयोग्य है कि गुजरात चुनाव के दौरान पंजाब सरकार को प्राइवेट जेट का एक-डेढ़ दिन का खर्च करीब 45 लाख रुपए वहन करना पड़ा है। बावजूद इसके कई बार इसका इस्तेमाल किया जाता रहा है। सीएम भगवंत मान समेत अन्य नेताओं को इस जेट की पंजाब में अधिक जरूरत न होकर अन्य राज्यों में ट्रैवल के लिए अधिक जरूरत पड़ती है। क्योंकि आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी प्राइवेट जेट से अन्य राज्यों में ट्रैवल करते रहे हैं।







