जालंधर दिल्ली नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, एक्टिवा सवार युवती की मौत
जालंधरः जालंधर दिल्ली नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात उस समय दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जब एक तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार नर्स को टक्कर मार दी, जिससे एक्टिवा सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं, मृतक युवती की पहचान गांव जेठपुर निवासी नवप्रीत कौर के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयंकर थी कि एक्टिवा के परख्च्चे उड गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार चालक टक्कर मारने के बाद वहां से भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन कुछ दूरी पर जाकर उसकी गाड़ी पंक्चर हो गई। जिसके बाद लोगों ने उसे वहां पकड़ लिया। मौके पर थाना रामामंडी की पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर युवती के परिजनों को घटना के बारे में सूचित किया। पुलिस का कहना है कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा कर अगली कारवाई शुरू की जाएगी।







