उपराष्ट्रपति की नकल उतारना कहां तक सही ,नकल उतारते हुए मंत्री की वीडियो बनाकर घिर गए राहुल गांधी
संसद में एक के बाद एक करीब डेढ़ सौ सांसद सस्पेंड किए गए. लोग यह देखकर हैरान हैं कि थोक में जनप्रतिनिधियों को सदन से बाहर क्यों किया जा रहा है? अब विपक्ष के एक सांसद ने राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की नकल उतारी है. ऐसा करते हुए वह पद की गरिमा और सम्मान भूल गए.
इन दिनों संसद में जो कुछ हो रहा है, पहले कभी नहीं हुआ. एक तरफ ताबड़तोड़ सांसदों को सस्पेंड किया जा रहा है तो दूसरी तरफ बौखलाए विपक्ष के सांसद लोकतंत्र के मंदिर की सीढ़ियों पर ही उपराष्ट्रपति का मजाक बना रहे हैं. जी हां, ममता बनर्जी के सांसद ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की जिस तरह से नकल उतारी, देखने वाले भी शर्मिंदा हो गए. धनखड़ की नकल उतारने वाले TMC सांसद कल्याण बनर्जी हैं. हो सकता है उन्हें लग रहा हो कि यह लोकतंत्र में उनके विरोध का अपना तरीका है लेकिन किसी की रीढ़ की हड्डी पर कमेंट करना कहां तक उचित है, वो भी जब आप देश के उपराष्ट्रपति की बात कर रहे हों? यह सवाल उनसे जरूर पूछा जाना चाहिए और पूछा भी जा रहा है. शर्मनाक तो यह भी है कि वहीं विपक्ष के सांसदों का मजमा लगा था लेकिन सभी हंस रहे थे. ऐसे में उपराष्ट्रपति की चेयर का अपमान करने में सभी जिम्मेदार माने जाएंगे. सवाल राहुल गांधी पर भी उठ रहे हैं जिन्होंने इस तरह के मजाक को रोकने की कोशिश नहीं की बल्कि वह कल्याण के ‘करतब’ को मोबाइल से शूट करते रहे. लोग कह रहे हैं कि अगर विपक्षी दल राहुल गांधी को पीएम पद के लिए प्रोजेक्ट करना चाहता है तो कांग्रेस नेता का व्यवहार भी तो उस तरह दिखना चाहिए.







