Tag: इन राज्यों से अगले दो दिन में चला जाएगा मॉनसून

  • इन राज्यों से अगले दो दिन में चला जाएगा मॉनसून, लेकिन इस हिस्से में 5 दिनों तक होगी बारिश

    इन राज्यों से अगले दो दिन में चला जाएगा मॉनसून, लेकिन इस हिस्से में 5 दिनों तक होगी बारिश

     

    Weather Forecast: उत्तर भारत के राज्यों से मॉनसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन अब भी दक्षिण के कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बताया है दक्षिण में अगले 5 दिनों तक बारिश होगी।

    IMD Rainfall Alert: इन राज्यों से अगले दो दिन में चला जाएगा मॉनसून, लेकिन इस हिस्से में 5 दिनों तक होगी बारिश
    उत्तर से लेकर मध्य भारत के राज्यों से मॉनसून की विदाई हो चुकी है। इस महीने की शुरुआत में तेज बारिश की वजह से मौसम बिगड़ गया था, लेकिन अब बरसात जा चुकी है। हालांकि, दक्षिण भारत के राज्यों में अब भी बारिश की मार जारी है। मौसम विभाग ने बताया है कि विदर्भ, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा के कुछ इलाकों और पश्चिम बंगाल से अगले दो दिनों में मॉनसून की वापसी हो जाएगी। वहीं, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के हिस्से में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।

    मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में सात सेंटीमीटर से लेकर 13 सेंटीमीटर तक बरसात हुई है। इसके अलावा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में सात से लेकर नौ सेंटीमीटर तक बरसात हुई। केरल और कर्नाटक में भी भारी बारिश का दौर देखा गया। यहां सात और आठ सेंटीमीटर तक बरसात हुई।  इसके अलावा, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों से मॉनसून वापस जा चुका है और इन राज्यों में बारिश की गतिविधियां लगभग समाप्त हो गई हैं।

    दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब
    वहीं, दिल्ली में रविवार को सुबह आसमान साफ रहा और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 91 प्रतिशत दर्ज की गयी। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के 24 घंटे के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर दिल्ली की वायु गुणवत्ता 218 यानी खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

    शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है जबकि अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है।