पुरानी रंजिश के चलते 6-7 हमलावरों ने एक घर के बाहर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, आरोपी मौके से फरार
गुरदासपुरः गुरदासपुर के अन्तर्गत आते कस्बा डेरा बाबा नानक के गांव हरदोरवाल कलां में उस वक्त दहशत फैल गई, जब यहां पुरानी रंजिश के चलते 6 से 7 साथ हमलावरों ने एक घर के सदस्यों पर गोलियां चलाई और ट्रैक्टर में तोड़फोड़ भी की। गोलाबारी की घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मालेवाल थाना प्रभारी एएसआई बलविंदर सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और वहां से 3 खाली कारतूस कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
इस संबंधी जानकारी देते हुए परिवार के सदस्यों ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि बीती देर शाम वह अपने खेतों से घर लौट रहे थे इस दौरान रास्ते में पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने उनसे झगड़ा करना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि मामूली बहस के बाद वह अपने घर लौट आए और कुछ देर बाद वे युवक अपने साथियों को साथ लेकर उनके घर आए और सीधे फायरिंग कर दी।
गनीमत रही कि इस गोलाबारी में वह बाल-बाल बच गए। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एएसआई बलविंदर सिंह ने कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं, और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।







