पाकिस्तानः सरकार गिरते ही इमरान खान के करीबियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, अर्सलान खालिद के घर पर देर रात हुई छापेमारी
इस्लामाबादः पाकिस्तान से इमरान खान की सरकार जाते ही उनके करीबियों पर एक्शन शुरू हो गया है। शनिवार देर रात इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास होते ही उनके प्रवक्ता डॉ. अर्सलान खालिद के घर पर छापेमारी शुरू हो गई। इस दौरान खालिद के परिवार के सदस्यों के फोन भी छीन लिए गए। खान की पार्टी पीटीआई ने खुद ट्वीट कर अर्सलान खालिद के घर पर छापेमारी की जानकारी दी है।
पीटीआई ने ट्वीट कर कहा, ‘बेहद परेशान करने वाली खबर, डॉ. अर्सलान खालिद के घर पर छापा मारा गया है और उनके परिवार के सारे फोन ले लिए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर कभी किसी को गाली नहीं दी और न ही किसी संस्था पर हमला किया। फेडरल इंवेस्टिगेशन एजेंसी कृपया इस पर गौर करें।’
बता दें कि इमरान खान के देश छोड़कर जाने पर भी रोक लगा दी गई है। इसके अलावा इमरान, फवाद चौधरी और शाह महमूद के खिलाफ याचिका दायर करके उनका नाम एग्जिट कंट्रोल लिस्ट में डाले जाने की मांग की गई है। इस याचिका पर 11 अप्रैल को सुनवाई होगी। वहीं इमरान खान के देश छोड़ने पर रोक लगा दी गई है







