अमृतसर में होटल पन्नू इंटरनेशनल में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
अमृतसरः महानगर में कोर्ट रोड स्थित एक होटल में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है आग होटल पुन्नू इंटरनेशनल की बिल्डिंग में लगी थी। आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही मिनटों में उसने आधे से अधिक होटल उसकी चपेट में ले लिया। आग लगने से होटल में पड़ा लाखों का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाडियों ने तकरीबन ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान तीन लोगों को आग की लपटों के बीच से रेस्क्यू भी किया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
जानकारी अनुसार, शनिवार रात 11 बजे के करीब अमृतसर के कोर्ट रोड स्थित पन्नू इंटरनेशनल होटल में अचानक भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड को तुरंत फोन किया गया, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही आधे से अधिक होटल को आग ने अपनी चपेट में ले लिया था। वूडन वर्क व बर्निंग मैटीरियल अधिक होने के कारण आग तेजी से फैली। आगजनी में होटल का आधे से अधिक हिस्सा पूरी तरह से जल गया। वहीं, होटल में खड़ी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
गनीमत रही कि इस आगजनी से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, फिलहाल आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट भी बताया जा रहा है, लेकिन फिर भी पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड आग लगने के कारणों की गहराई से जांच कर रहा है।







