अमृतसर में फिर चली गोलियां, जन्म दिन की पार्टी के दौरान युवकों ने की फायरिंग, बाल-बाल बचे लोग
अमृतसरः महानगर में लगातार कानून व्यवस्था बिगड़ रही है और आए दिन हो रही गोलीबारी से लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है, एक बार फिर महानगर के अंतर्गत आते थाना ब्यास में पड़ते एक रेस्टोरेंट के बाहर गोलियां चलने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है गोलीबारी करने वाले युवक जन्म दिन पार्टी मना रहे थे कि इसी दौरान उन्होंने हवा में गोलीबारी शुरू कर दी जिससे लोगों में दहशत फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि वहीं 24 घंटे के बीच अमृतसर देहाती क्षेत्र में गोली चलने की दो वारदातें सामने आ चुकी हैं।
जानकारी अनुसार थाना ब्यास के स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर शनिवार देर रात कुछ लोगों ने रेस्टोरेंट में जन्मदिन की पार्टी की और फिर बाद में घर लौटते समय फायरिंग कर फरार हो गए। उधर, एएसआइ सुखविंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। रेस्टोरेंट वालों का कुछ रिकार्ड भी कब्जे में लिया गया है। उन्होंने दावा किया है कि आरोपितों का पता लगाकर तुरंत काबू कर लिया जाएगा।
इस संबंधी जानकारी देते एएसआइ सुखविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रेस्टोरेंट के बाहर शनिवार की रात कुछ लोगों ने गोलियां चलाई और फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो पता चला कि 12-15 युवक युवराज सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए उक्त रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। आरोपितों ने पहले पार्टी की और फिर पार्टी के समाप्त होने पर सड़क पर उतर कर गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोलियां चलती देख वहां से गुरजने वाले लोग दहशत में आ गए। उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया।







