अजनाला के गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी करता युवक रंगे हाथों काबू, पुलिस ने लिया हिरासत में
अमृतसरः श्री हरिमंदिर साहिब और कपूरथला के गुरुद्वारा में हुई बेअदबी का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि पंजाब के अजनाला के गांव भंगुपुर में प़ड़ते गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की कोशिश करते एक युवक को सेवादारों द्वारा रंगे हाथों पकड़ा है। यह सारी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। सेवादारों ने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद उसे गुरु घर के एक कमरे में बंद कर दिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी अनुसार अमृतसर जिला के अंतर्गत आते अजनाला के गांव भंगुपुर स्थित गुरुद्वारा में सामने आया है। गुरु घर में शाम के समय पवित्र ग्रंथों से छेड़छाड़ करने वाले एक युवक को सेवादारों ने मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद उसे गुरु घर के एक कमरे में बंद कर दिया और सेवादारों ने उससे अपने स्तर पर पूछताछ की। मामले का खुलासा होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गुरुद्वारा के प्रबंधकों से युवक को पुलिस के हवाले करने के लिए कहा, लेकिन सिख संगतों ने इसका फैसला खुद करने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस ने लगातार प्रबंधकों से बातचीत की और किसी भी तरह से कानून को अपने हाथ में न लेने के लिए कहा।
इस संबंधी जानकारी देते एसएसपी (देहात) सतीश कौशल ने भी इस बात की पुष्टि की है कि भंगुपुर हवेलियां गुरुद्वारा में बेअदबी के आरोप में पकड़े गए युवक को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। बेअदबी की घटना है या नहीं, इसे लेकर सारे फैक्ट देखे जा रहे हैं। युवक से पूछताछ के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।







