लुधियाना: सतलुज नदी में नहाने गए तीन बच्चे डूबे, दो के शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी
लुधियानाः लुधियाना के अन्तर्गत आते जगरांव कस्बा के गांव नहिंगा दा डेरा खुरशैदपुरा में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वहां से गुजर रही सतलुज नदी में नहाने गए 12-13 साल के तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दो बच्चों की लाश गोताखोरों ने बरामद कर ली है। वहीं तीसरे की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि सभी भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने गए थे।
तीनों बच्चे वीरवार दोपहर 1 बजे के करीब सतलुज दरिया में नहाने गये थे। पानी का तेज बहाव होने के कारण तीनों बच्चे डूब गए। इस घटना की जानकारी परिवार को देर शाम मिली, जब बच्चे घर लौट कर नहीं आए। उसके बाद परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनके बच्चे दोपहर से लापता हैं। पारिवारिक सदस्यों ने पुलिस और गोताखोरों की सहायता से बच्चों की सतलुज नदी में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दो बच्चों के शवों को दरिया से निकाल लिया, लेकिन देर रात तक तीसरे बच्चे आकाशदीप के शव का कही कुछ पता नहीं चल सका। बच्चों के डूबने की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
मृतक बच्चों की पहचान सुखचैन सिंह पुत्र गुरनाम सिंह और चरणजीत सिंह पुत्र रणजीत सिंह के रूप में हुई है। थाना सिधवां बेट के प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि आकाशदीप सिंह पुत्र जसपाल सिंह का शव अभी नहीं मिला है। वहीं, 2 बच्चों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा दिया है। तीसरे बच्चे की तलाश जारी है।







