लुधियाना के ढंडारी कलां में बनाई जा रही थी उषा कंपनी के नाम से नकली सिलाई मशीनें, 5 करोड़ का माल बरामद
वहीं दूसरी तरफ कार्रवाई न होने से खफा कंपनी अधिकारी साहनेवाल थाने में ही धरने पर बैठ गए। एसएचओ पर गंभीर आरोप लगाए गए। रमेश दत्त ने बताया कि वे स्पीड नेटवर्क चंडीगढ़ के डायरेक्टर हैं। उषा कंपनी ने उन्हें कॉपी राइट के तहत कार्रवाई का अधिकार दिया हुआ है। उन्हें सूचना मिली थी कि रेस्ट ग्लोबल नाम से ढंडारी में एक फैक्ट्री चल रही है। इस फैक्ट्री में उषा कंपनी का मार्का लगाकर नकली मशीनें तैयार कर कई राज्यों और नजदीकी देशों में भेजी जा रही हैं। थाना साहनेवाल की पुलिस को लिखित शिकायत देकर एसएचओ की मौजूदगी में छापामारी करवाई तो बड़ी संख्या में नकली मशीनें बरामद हुईं।
वहीं इस मामले में थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह का कहना है कि कंपनी से कुछ सामान की मांग की गई है और पूरी जांच के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा। इनके पास से करीब 5 करोड़ का माल बरामद हुआ, जो फर्जी मार्का लगाकर बांग्लादेश भेजा जाना था। उन्होंने थाना साहनेवाल की पुलिस को साथ लेकर छापेमारी की है, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे अधिकारी नाराज हो गए। उन्होंने पुलिस की लचर कार्यप्रणाली के खिलाफ थाने के अंदर प्रदर्शन किया।







