माईं हीरां गेट पर निगम कर्मी से मारपीट का मामला, आरोपी पर कार्रवाई पर अड़े निगम मुलाजिम… पढ़ें पूरी खबर
जालंधरः बुधवार को शहर के सबसे व्यस्त इलाके माईं हीरां गेट में हुई निगम कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ है। बेशक सफाई सेवक यूनियन के नेताओं ने मामला शांत करवा दिया था, परन्तु फिर एक बार निगम कर्मचारी माईं हीरां गेट में इकट्ठा हो गए और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे, जिसे देखते हुए मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी सभी को अपने साथ थाना डिवीजन नं. 3 में ले गई, जहां निगम कर्मचारी एक बार फिर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
जानकारी अनुसार वीरवार सुबह माईं हीरां गेट पर एक बार फिर से सफाई सेवक धरना देने के लिए पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने मौके की नजाकत को भांपते हुए हालातों को संभाल लिया। सभी को मनाकर पुलिस थाना डिविजन नंबर तीन में ले गई। पुलिस ने सफाई सेवकों को आश्वासन दिया है कि आरोपी पर कार्रवाई ठोस होगी। सफाई सेवक मांग कर रहे थे कि ड्यूटी के दौरान टिप्पर चालक का सिर फोड़ने वाले व्यक्ति पर भारतीय दंड संहिता की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए। ड्यूटी में बाधा पहुंचाने का भी मामला दर्ज होना चाहिए। सफाई सेवकों का कहना है कि पुलिस मामले को रफा-दफा करने के चक्कर में लगी हुई है, जबकि हमारा नुकसान हुआ है।
इस मौके यूनियन ने पुलिस को चेतावनी देते कहा कि अगर पुलिस ने आरोपी पर कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की तो वह माई हीरा गेट में गदंगी की टिप्पर लाकर खड़े कर देंगे और बाजार में धरना लगाएंगे। लोगों को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई सेवकों की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए। जिस व्यक्ति ने हमला करके सफाई सेवक का सिर फोड़ा है, उसे मिलने वाली सजा उदारहण होनी चाहिए, ताकि आगे कोई ऐसी हरकत करने की सोच भी न सके।







