पंजाब को दहलाने की साजिश, अब तरनतारन के थाने में राकेट से हमला, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
तरनतारनः पंजाब को दहलाने की साजिश के तहत शुक्रवार देर रात एक बजे तरनतारन के सरहाली पुलिस स्टेशन को रॉकेट लॉन्चर से हमला किया गया। हालांकि इस हमले में जानी नुक्सान से बचाव रहा है। वहीं बताया जा रहा है कि अटैक के पीछे खालिस्तान समर्थक आतंकियों का कनेक्शन सामने आया है। इसकी जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने ली है।
मिली जानकारी के अनुसार गत रात करीब 1 बजे अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर स्थित पुलिस थाना सरहाली पर रॉकेट लांचर से हमला किया गया, जो कि थाने अंदर मौजूद सेवा केंद्र पर जा गिरा। इस दौरान सेवा केंद्र में कोई भी मौजूद नहीं था। हमले के दौरान थाने में ड्यूटी अफसर सहित कुछ अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। हमले के बाद जिले के एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच थाने की घेराबंदी करते हुए इलाके को सील कर दिया है। यह आतंकी हमला होने की संभावना जताई जा रही है पर इस बाबत कोई भी अधिकारी जानकारी देने को लेकर फिलहाल तैयार नहीं है। वहीं मौके पर फॉरेंसिक, आर्मी की स्पेशल टीम पहुंच चुकी है।
बता दें कि जहां यह हमला हुआ है वहां गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा का पैतृक घर है। हालांकि पिछले दिनों रिंदा की पाकिस्तान में मौत की सूचना सामने आई थी। बताया जा रहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई रिंदा के टेरर को कायम रखना चाहती है। इसी वजह से माना जा रहा कि आईएसआई की शह पर ये अटैक किया गया है।







