यूपी के कई जिलों में नमाज के बाद हंगामा, प्रयागराज में पथराव, लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े
भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा के बयान के खिलाफ एक बार फिर यूपी के कई जिलों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रयागराज में नारेबाजी के बाद पथराव किया गया। आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
प्रयागराज में डीएम संजय कुमार खत्री और एसएसपी अजय कुमार भी जुमे की नमाज से पहले चौक जामा मस्जिद के बाहर पहुंचे और लोगों से शांति की अपील की। बताया जा रहा है कि जुमे की नमाज के बाद पुलिस की सतर्कता के बावजूद अटाला चौराहा और उसके आसपास की गलियों में मौजूद नाबालिग लड़कों को आगे करके अराजकतत्वों ने बवाल करा दिया। गली से लड़कों ने पुलिस टीम पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसमें आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं।
पुलिस अधिकारी लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन भीड़ अराजक होती रही। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नूपुर शर्मा को फांसी देने की मांग की। तनावपूर्ण माहौल में पुलिस व प्रशासन के अफसर बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं, सहारनपुर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी हंगामा किया। जुमे की नमाज के बाद सहारनपुर की सड़कों पर उतरे मुस्लिम समुदाय के लोगों ने 15 से 20 मिनट तक मस्जिद के बाहर जमकर नारेबाजी की। सहारनपुर की जामा मस्जिद में 1:00 बजे जुमे की नमाज शुरू हुई। इसके बाद नमाज खत्म कर जब नमाजी मस्जिद से बाहर निकले तब उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। हाथ मे तिरंगा लेकर पहुंचे युवाओं ने भी प्रदर्शन किया। इसके बाद अधिकारियों ने सभी को समझाने का प्रयास किया, प्रदर्शन करने के बाद सभी वापस अपने घरों को निकल गए।
मुरादाबाद में जुमे की नमाज के बाद एकाएक माहौल गरमा गया। नमाज के बाद युवाओं की टोली ने जुलूस निकाल कर नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी और फांसी की मांग कर डाली। नारे लगाते हुए तमाम युवा नूपुर शर्मा को फांसी दो फांसी दो की आवाज लगाते हुए निकले। पहले पुलिस प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया था। सेक्टरों में बांट कर शहर में मजिस्ट्रेट लगाए गए। मंडल के रामपुर, अमरोहा और संभल में भी जुमे की नमाज को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम रहे। अधिकारी सड़कों पर मौजूद रहकर स्थिति पर निगाह जमाए रहे। नमाजियों के घर वापस लौट जाने के बाद ही अफसर रिलैक्स हुए। संभल में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया।







