पूर्व आईपीएस अधिकारी असीम अरूण भाजपा में हुए शामिल, अनुराग ठाकुर ने किया स्वागत
लखनऊः उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय पुलिस सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले वरिष्ठ अधिकारी असीम अरुण ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। बता दें कि दलित समुदाय से आने वाले अरुण को भाजपा उनके गृह जनपद कन्नौज से चुनाव मैदान में उतार सकती है। अरुण ने हाल ही में पुलिस सेवा से वीआरएस लिया था। वह कानपुर के पुलिस आयुक्त थे। 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण ने राजनीति में आने के लिए इस महीने की शुरूआत में इस्तीफा दे दिया था। अरुण को पार्टी की सदस्यता दिलाते वक्त केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह थे और उनका पार्टी में स्वागत भी किया।
अरुण ने कहा, “यह आठ दिनों के भीतर लिया गया निर्णय था। मुझसे पार्टी नेतृत्व ने संपर्क किया और राजनीति में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया। मैं अपने जीवन में एक नया अध्याय शुरू कर रहा हूं, हालांकि अपनी पिछली नौकरी की तरह मैं हमेशा लोगों की सेवा करता रहूंगा।” अरुण ने कहा कि उन्हें जो भी भूमिका मिलेगी, वह पार्टी के लिए काम करेंगे। उनके कन्नौज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की संभावना है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, युवाओं के लिए प्रेरणा और ईमानदार छवि वाले असीम अरुण जी का भाजपा में स्वागत है और आशा है कि वह अपनी नई पारी में भी लोकहित और युवाओं को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अरुण ने देखा कि कैसे योगी आदित्यनाथ सरकार राज्य में कानून व्यवस्था बहाल करने के लिए माफिया को कुचलती है।







