पाकिस्तान में आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा की हुई मौत, पंजाब में कई आतंकी हमलों का जिम्मेदार था रिंदा…
नई दिल्ली- पाकिस्तान बेस्ड खालिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा की मौत की खबर सामने आई है। रिंदा पंजाब में होने वाले कई हमलों के लिए जिम्मेदार था। वह पिछले कई सालों से पाकिस्तान में रह रहा था और भारत में आतंकी हमलों की साजिश रच रहा था। बताया जा रहा है कि रिंदा पाकिस्तान के लाहौर में एक अस्पताल में भर्ती था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उसकी मौत ड्रग्स के ओवरडोज के कारण हुई है।
बंबीहा गैंग ने दावा भी किया कि रिंदा ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कत्ल में भी गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी बराड़ का साथ दिया था।
कौन था रिंदा
आतंकी हरविंदर रिंदा पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है। बाद में वह नांदेड़ महाराष्ट्र में शिफ्ट हो गया। उसे सितंबर 2011 में कत्ल के केस में उम्रकैद की सजा हुई थी। कई क्रिमिनल केसों में नाम सामने आने के बाद वह नेपाल के रास्ते फेक पासपोर्ट पर पाकिस्तान भाग गया। जहां पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने उसे अपना गुर्गा बना लिया। वह पाकिस्तान से पंजाब में लगे इंटरनेशनल बॉर्डर के जरिए ड्रोन से हथियार भेजने लगा। पंजाब में हाल ही में हुई कई बड़ी वारदातों में उसका नाम सामने आया था।
पुलिस के मुताबिक हरविंदर रिंदा एक हिस्ट्रीशीटर है। वह पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और महाराष्ट्र में कुख्यात गैंगस्टर रह चुका है। मर्डर, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग, डकैती, फिरौती और स्नेचिंग के कई मामलों में वह पंजाब पुलिस का वांटेड है।








