पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बेअंत सिंह की कोठी होगी खाली, चंडीगढ़ प्रशासन ने भेजा नोटिस… पढ़ें पूरी खबर
चंडीगढ़ः पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बेअंत सिंह की चंडीगढ़ स्थित सरकारी कोठी को खाली करवाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने नोटिस भेजा है। पूर्व मुख्यमंत्री का परिवार इस कोठी में रहता है। एसडीएम संयम गर्ग ने कोठी खाली करने के निर्देश जारी किए है। मंगलवार को एस्टेट ऑफिस की टीम सेक्टर-5 स्थित कोठी नंबर 3/33 में पहुंची थी। चंडीगढ़ स्थित सरकारी कोठी 30 साल बाद खाली होने जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को पुलिस अधिकारी रमेश कल्याण एसडीएम सेंट्रल के आदेश पर कोठी खाली करने के लिए नोटिस लेकर पहुंचे थे। वहां मौजूद जेड प्लस सिक्योरिटी और पंजाब पुलिस के कर्मचारियों ने एसआई को कोठी में प्रवेश नहीं करने दिया। इससे पहले जब कोठी खाली करने के जब आदेश दिए गए थे तो पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे तेज प्रकाश ने एसडीएम कोर्ट में पटीशन दायर की थी। अब तेज प्रकाश सिंह के नाम नोटिस निकाला गया है।
बता दें कि बेअंत सिंह 1992 से 1995 तक मुख्यमंत्री रहे है और उनकी 31 अगस्त 1995 को उनकी हत्या कर दी गई थी। इस कोठी को खाली करवाने की पहले भी कई बार कोशिश हो चुकी है, लेकिन राजनीतिक दबाव व अन्य कारणों के चलते ये कोठी खाली नहीं हो पाई। इस बार एसडीएम ने कोठी खाली करने के ऑर्डर जारी कर दिए हैं।







