कलयुगी पुत्र ने की 92 साल के पिता की हत्या, जायदाद के लालच में दिया हत्याकांड को अंजाम.. पढ़ें पूरी खबर
कोटकपूराः फरीदकोट जिले के अंतर्गत आते कोटकपूरा में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी पुत्र ने जायदाद के लालच में अपने 92 साल के पिता की हत्या कर दी और अपना गुनाह छुपाने के लिए उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मृतक किक्कर सिंह की विवाहित बेटी निर्मल कौर के बयान पर उसके भाई लखवीर सिंह के खिलाफ हत्या व लाश को खुर्द-बुर्द करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को दिए बयान में मोगा के गांव डेमरू कलां निवासी निर्मल कौर ने बताया कि उसके पिता किक्कर सिंह पिछले लंबे समय से गांव जीवनवाला में उसके भाई लखवीर सिंह के साथ रहते थे। दो दिन पहले जब वह मायके आई थी तो पिता ने बताया कि लखवीर ने सारी जायदाद अपने नाम करवा ली है और अब जान से मारने की मंशा से मारपीट करता है और रोटी भी नहीं देता। जिसके बाद उसने भाई को समझाया और वह अपने ससुराल आ गईं।
निर्मल कौर ने बताया कि सुबह उनको गांव के ही किसी व्यक्ति ने फोन पर बताया कि उसके पिता की मौत हो गई है और उसके पिता का सुबह पांच बजे अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। जिसके बाद वह वापस मायके आई और इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक किक्कर सिंह की विवाहित बेटी निर्मल कौर के बयान पर उसके भाई लखवीर सिंह के खिलाफ हत्या व लाश को खुर्द-बुर्द करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर किया है।







