पहाड़ों पर जाने से पहले पर्यटक पढ़ ले ये ख़बर,इन सात जिलों के लिए जारी रेड अलर्ट, पांच जिलों में बाढ़ की चेतावनी
शिमला : हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता से मूसलाधार वर्षा हो रही है। राजधानी शिमला समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को दिन भर वर्षा का दौर जारी रहा। लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह भूस्खलन की घटनाओं से कई सडक़ें अवरुद्ध हो गई हैं। इससे पर्यटकों के आगमन में भारी गिरावट आने से पर्यटन सीजन प्रभावित हुआ है। इस वीक एंड पर पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में होटलों में ऑक्यूपेंसी 80 फीसदी से गिरकर 30 फीसदी रह गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों के दौरान मैदानी एवं मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में व्यापक वर्षा की आशंका जताई है। राज्य के कुल 12 में से सात जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इनमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा, कांगड़ा, कूल्लु और मंडी जिले शामिल हैं। राज्य की राजधानी शिमला में भी भारी वर्षा होने की संभावना है।
शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी वर्षा का ओरेंज अलर्ट और लाहौल-स्पीति जिला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पांच जिलों चम्बा, कांगड़ा, कूल्लु, लाहौल-स्पीति और सिरमौर जिलों में बाढ़ की भी चेतावनी दी है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से राज्य के संवेदनशील इलाकों में मध्यम से भारी भूस्खलन और चट्टान गिरने के कारण और सडक़ मार्ग बंद होने की आशंका है। इसे देखते हुए शासन ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों को संवेदनशील स्थलों और नदियों के करीब न जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि 12 जुलाई तक राज्य में मौसम खराब रहेगा। अगले दो दिन यानी नौ व 10 जुलाई को व्यापक वर्षा होने का अनुमान है। बीते 24 घण्टों के दौरान सिरमौर जिला के विभिन्न इलाकों में व्यापक वर्षा हुई। जिले के रेणुका व ददाहू में सर्वाधिक नौ-नौ सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा संगड़ाह में आठ, नाहन व पच्छाद में छह-छह, जतोन बैरेज व शिमला में पांच-पांच, धर्मशाला में चार, धरमपुर व कसौली में तीन-तीन, कंडाघाट, झंडुता, मशोबरा, नारकंडा, राजगढ़, भरमौर व शिलारू में दो-दो, शिमला, सोलन, अर्की, कोटखाई, रोहड़ू व खदराला में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा हुई है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को राज्य भर में भूस्खलन से 133 सडक़ें, 69 ट्रांसफार्मर और 73 पेयजल स्कीमें अवरुद्ध हुईं। लोकनिर्माण विभाग के शिमला ज़ोन में सबसे ज्यादा 88, मंडी में 25, कांगड़ा व हमीरपुर में 10-10 सडक़ें अवरुद्ध हैं।









Leave a Reply