घने कोहरे का कहर जारी रेलवे को करनी पड़ी 290 ट्रेनें कैंसल,देखें पूरी खबर…

 घने कोहरे का कहर जारी रेलवे को करनी पड़ी 290 ट्रेनें कैंसल,देखें पूरी खबर…

नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। ठंड लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। लोगों की आज सुबह की शुरुआत भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड और घने कुहासे के साथ हुई। दिल्ली रिज पर तो न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस तक जा गिरा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री जा पहुंचा।

हालांकि आगामी दिनों में राहत की उम्मीद जताई है। लेकिन, फिलहाल दिल्ली एनसीआर, यूपी, बिहार, राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के मैदानी इलाकों में भीषण शीतलहर का प्रकोप जारी है। सुबह और शाम के वक्त बाहर निकलना किसी जंग से कम नहीं लग रहा। मौसम की मार का अंदाजा इसी बात से लगा लीजिए कि शिमला और नैनीताल जैसे महासर्द इलाकों से भी ज्यादा ठंड दिल्ली में पड़ रही है।

मौसम की मार का असर रेलवे पर भी पड़ रहा है। 290 ट्रेनें कैंसल हो गई हैं और 38 ट्रेन देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि शनिवार को उत्तराखंड, हिमाचल, दिल्ली और एनसीआर में बादल छा सकते हैं। रविवार से कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना है। इस बीच घुप कोहरे की मार का असर रेलवे पर भी पड़ रहा है। रेलवे की सरकारी वेबसाइट के मुताबिक, 290 ट्रेनें कैंसल हो गई हैं, जबकि 38 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

उत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस, सहरसा-नई दिल्ली वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, रीवा-आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस, काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस, एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-नई दिल्ली तमिलनाडु एक्सप्रेस और हैदरबाद डेक्कन नामपल्ली- नई दिल्ली तेलंगाना एक्सप्रेस 1:30 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। वहीं दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल, हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस, अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस, राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जयनगर-अमृतसर क्लोन स्पेशल, विशाखापत्तनम-नई दिल्ली आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस, हैदराबाद डेक्कन नामपल्ली-हजरत निजामुद्दीन दक्षिण सुपरफास्ट एक्सप्रेस और डॉ. अंबेडकर नगर- श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से चल रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस और बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 3:30 घंटे की देरी से चल रही हैं।

वहीं उत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, देवेल्ली से मुजफ्फरपुर, कोयंबटूर से पटेलनगर, वरधा से बलहारसन जाने वाली, अमरावती से वर्धा आने-जाने वाली, पठानकोट से ज्वालामुखी और जोगिंदर नगर जाने और आने वाली, धुरी से बठिंडा आने-जाने वाली, लखनऊ से वीरंगना एक्सप्रेस समेत 290 ट्रेनें कैंसल हो गई हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *