You are currently viewing फिल्लौर में घने कोहरे के कारण एक-एक कर पलटे वाहन, हाईवे पर लगा लंबा जाम

Vehicles overturned one by one due to dense fog in Phillaur, long jam on the highway

फिल्लौर में घने कोहरे के कारण एक-एक कर पलटे वाहन, हाईवे पर लगा लंबा जाम

 

फिल्लौरः पंजाब में घने कोहरे के कारण सड़क हादसों के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। वहीं, अब फिल्लौर में नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह भगवान मईया दरबार के पास बजरी से भरा ट्रक कोहरे के कारण पलट गया। उसके पीछे लकड़ी के लट्ठों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली टकरा कर पलट गई और उसके पीछे ही गन्ने से भरी ट्रॉली जबरदस्त टक्कर होने के बाद पलट गई। इस हादसे में कई वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। बता दें कि  घने कोहरे में विजीबिल्टी शून्य होने के चलते कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, जिस कारण यह हादसा हो गया देखते ही देखते सड़क पर भारी जाम लग गया और मीलों तक वाहनों की कतार लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फिल्लौर पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन इस दौरान एक ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए और कई वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। लंबी दूरी की बसें, तीर्थ यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों से भरी बसों के यात्री बेहद परेशान नजर आए। कुछ एंबुलेंस भी इस जाम में फंसी देखी गईं। फिल्लौर में यात्रियों को उतारने के बाद कई बसें वापिस लौट गईं। लुधियाना से जालंधर सिक्स लेन खुला रहा और उस सड़क पर ट्रैफिक जूं की चाल की तरह चलता नजर आया। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ  समाजसेवी संस्थाओं ने घने कोहरे से बचाव के लिए यात्रियों को ठंड से बचाने के लिए आग जलाई और चाय-पानी भी पिलाया।