इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में छात्रों और गार्ड के बीच हुई मारपीट, आगजनी और फायरिंग,जानें पूरी खबर…
यूनिवर्सिटी के छात्र नेताओं ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में छात्र नेता और सिक्योरिटी के बीच बवाल हो गया है. मामूली कहासुनी के बाद दोनों के बीच हुई मारपीट हो गई. इस दौरान फायरिंग की भी खबर आई. बवाल बढ़ता देख मौके पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है. यूनिवर्सिटी के छात्र नेताओं ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
छात्रों और गार्ड के बीच हुई मारपीट की इस घटना में कई छात्र घायल हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक छात्रों और सिक्योरिटी गार्ड्स के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई है. वहीं, यूनिवर्सिटी के छात्रों ने सिक्योरिटी गार्ड्स पर फायरिंग का आरोप लगाया है. झड़प के दौरान आगजनी की खबर है. जानकारी के मुताबिक यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ को बहाल करने को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान गार्ड्स के साथ बवाल हो गया.
मारपीट के बीच कैंपस में तोड़फोड़ भी की गई और कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया. कैंपस में मौजूद गाड़ियों के शीशे भी तोड़े गए हैं.
दरअसल, छुट्टी के दिन भी छात्र यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ बिल्डिंग के ताले को खोलने की कोशिश कर रहे थे. इस दौरान वहां मौजूद गार्ड्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन वो नहीं माने और विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते ये विवाद मारपीट में तबदील हो गया.
हालांकि, पुलिस ने मामले को संभालते हुए फिलहाल छात्रों को शांत करवा दिया है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है. जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा भी मौके पर पहुंचे हैं.
क्यों हुआ बवाल?
पुलिस के मुताबिक इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर में फीस वृद्धि को लेकर छात्रों ने विरोध जताया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मोटरसाइकिल जलाई, कार को क्षतिग्रस्त कर दिया. यूपी एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है. सीपी प्रयागराज समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है.








Leave a Reply