सोलोमन द्वीप में भूकंप, 7.0 की तीव्रता वाले झटके से कांपी धरती; सुनामी की अलर्ट

 सोलोमन द्वीप में भूकंप, 7.0 की तीव्रता वाले झटके से कांपी धरती; सुनामी की अलर्ट

नई दिल्ली : सोलोमन द्वीप में मंगलवार को भूकंप के जोरदार झटके लगे हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.0 मापी गई है और भूकंप की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में सुनामी का अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। हालांकि अभी नुकसान को लेकर कोई जानकारी नहीं है। एक दिन पहले इंडोनेशिया में विनाशकारी भूकंप आया था जिसमें मरने वालों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 162 हो गई है और सैकड़ों लोग घायल हैं।

जावा के गवर्नर रिदवान कामिल ने बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 162 हो गई है। उन्होंने कहा कि मरने वालों में ज्यादातर बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि भूकंप के वक्त स्कूलों में पढ़ने वाले ज्यादातर बच्चे अपनी पढ़ाई खत्म होने के बाद इस्लामिक स्कूल में तालीम ले रहे थे। इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण एजेंसी (बीएनपीबी) ने कहा है कि आधिकारिक तौर पर मरने वालों की संख्या 62 बताई गई है।

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक कल पश्चिम जावा के सियानजुर शहर में 5.6 तीव्रता का भूकंप 10 किमी की गहराई में आया था। कामिल ने बताया कि भूकंप के बाद इमारतों के मलबे से सैंकड़ों लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से कई लोगों को उपचार अस्पतालों के परिसर में किया जा रहा है। राहत एवं बचाव अभियान पूरी रात चलता रहा ताकि अन्य लोगों को बचाने की कोशिश की जा सके। जो अभी भी ढही हुई इमारतों के मलबे में फंसे हुए हैं। जिस क्षेत्र में भूकंप आया वह घनी आबादी वाला है और भूस्खलन की भी आशंका जतायी गयी है। भूकंप के झटकों स कई क्षेत्रों में घर मलबे में तब्दील हो गए हैं।

स्थानीय मीडिया से बात करते हुए श्री कामिल ने कहा कि भूकंप में लगभग 326 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से अधिकतर लोगों की ढहे हुए इमारतों के मलबे में दबने से हड्डियां टूट गयी हैं। उन्होंने कहा अभी भी कुछ निवासी अलग-अलग स्थानों में फंसे हुए है और आशंका जतायी की मृतकों और घायलों की संख्या में वृद्धि हो सकती है।

पश्चिम जावा के गवर्नर ने कहा कि 13,000 से अधिक लोग आपदा से विस्थापित हुए हैं और भूकंप से 2,200 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए थे। सियानजुर शहर में प्रशासन के प्रमुख हरमन सुहरमन ने कहा कि लोगों को ज्यादातर चोटें इमारतों में मलबे में फंसे से लगी हैं और उनकी हड्डियां टूट गयी है।

उन्होंने कहा कि अधिकारी देश के सुदूर इलाकों में भूकंप से हताहत हुए लोगों की संख्या के संबंध में अभी भी जानकारी जुटा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को आए भूकंप के बाद भी 25 झटके महसूस किए गए हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *