पंजाब सरकार का आईएएस और आईपीएस अधिकारयों को तोहफा, जुलाई से मिलेगा 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता… पढ़ें पूरी खबर
चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने आईएएसआई और आईपीएस अधिकारियों को तोहफा देते हुए 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी कर दिया है और जिसकी जुलाई माह से बकाया राशि भी जारी कर दी गई है। बता दें कि आईएएस व आईपीएस अधिकारियों को केन्द्र सरकार की तर्ज पर महंगाई भत्ता दिया जाता है। जैसे ही केन्द्र सरकार महंगाई भत्ते में वृद्धि करती है तो साथ में ही राज्य सरकार भी इनको महंगाई भत्ता दे देती है।
जानकारी अनुसार इससे पहले उन्हें 34% महंगाई भत्ता मिलता था। इसे लेकर वित्त विभाग ने पत्र भी जारी कर दिया है। इन अधिकारियों को जुलाई माह से बढ़े हुए महंगाई भत्ते की बकाया राशि भी जारी कर दी गई है। इन अधिकारियों को अक्तूबर का वेतन बढ़ा हुआ मिलेगा। दूसरा आईएएस व आईपीएस अधिकारियों पर केन्द्र की तर्ज पर 7वां वेतन आयोग लागू हो चुका है, लेकिन पंजाब के कर्मचारियों पर 6वां वेतन आयोग लागू हुआ है।
जिक्रयोग्य है कि सरकार ने अप्रैल 2022 से सितंबर 2022 तक मार्किट से 11,464 करोड़ रुपए का कर्जा लिया है, जोकि पिछले साल के मुकाबले 9% ज्यादा है। इसलिए सरकार कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के बकाये को लेकर बाद में फैसला लेगी कि यह बकाया कैसे देना है। पीएसएस कैडर ऑफिसर एसोसिएशन, पंजाब सिविल सचिवालय के प्रधान मनजीत सिंह रंधावा ने मांग की है कि 2015 में तत्कालीन बादल सरकार ने अधिसूचना जारी की थी कि ऑल इंडिया सविर्सिज के अधिकारियों को भी महंगाई भत्ता राज्य के कर्मचारियों के साथ ही दिया जाएगा, लेकिन बाद में कैप्टन सरकार ने यह पत्र वापस ले लिया। उनकी मांग है कि ऑल इंडिया सविर्सिज को भी राज्य सरकार के कर्मचारियों के साथ ही महंगाई भत्ता व बकाया जारी किया जाए।








Leave a Reply