अमृतसर में निगम दफ्तर में लगी भयंकर आग, 2 सिलैंडरों में हुआ धमाका, दमकल विभाग के फायर फाइटर्स ने सुरक्षित 23 सिलैंडर  बाहर निकाले…

अमृतसर में निगम दफ्तर में लगी भयंकर आग, 2 सिलैंडरों में हुआ धमाका, दमकल विभाग के फायर फाइटर्स ने सुरक्षित 23 सिलैंडर  बाहर निकाले…

अमृतसर में दिवाली की रात भगतांवाला स्थित नगर निगम के कार्यालय में रात 11 बजे अचानक आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि वहां रखा सारा रिकार्ड व अन्य सामान जलकर राख हो गया। पता चला है कि दफ्तर के भीतर 25 सिलैंडर रखे हुए थे। भयंकर आग के कारण दो सिलैंडर ब्लास्ट हो गए, जबकि 23 सिलैंडर को दमकल विभाग के फायर फाइटर्स ने किसी तरह बाहर निकाला।
लोगों ने बताया कि अगर दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने बताया कि सोमवार की रात जब लोग पटाखे फोड़ रहे थे तो रात 11 बजे अचानक भगतांवाला स्थित नगर निगम के कार्यालय से आग की लपटें निकलनी शुरू हो गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाडिय़ां घटनास्थल पर पहुंच गई तथा उन्होंने आग पर काबू की कोशिश की। इस बीच जोरदार २ धमाकों की आवाज हुई। इस दौरान विभाग को पता चला कि आसपास रेहडिय़ां लगाने वाले लोग अपने एलपीजी के सिलैंडर उक्त दफ्तर में छोड़ जाते हैं। किसी तरह 23 अन्य सिलैंडर को सुरक्षित बाहर निकाला गया जिससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया। लगभग दो घंटे बाद दमकल विभाग की 8 गाडिय़ों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग लगने का अभी तक कारण नहीं पता लग सका है।

वल्ला सब्जी मंडी में फ्रूट, सब्जियां और ३ खोखे राख
दीपावली की रात एक दर्जन से ज्यादा आग लगने की शिकायतें नोट की गई। वहीं, वल्ला सब्जी मंडी में आगजनी की घटना होने पर भारी मात्रा में फ्रूट और सब्जियां और तीन खोखे जल गए। फोकल प्वाइंट में आज दोपहर को पेचों की फैक्टरी में आग लग गई। आगजनी की घटना का पता चलते ही क्षेत्र की विधायक डा. जीवनजोत कौर भी घटनास्थल पर पहुंची। फैक्टरी में फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा आग पर काबू पा लिया गया। इसके अलावा भल्ला कॉलोनी इस्लामाबाद, चौक जय सिंह, सुल्तानपिंड रोड के शहीद उधम सिंह नगर, तरनतारन रोड पुल के नीचे, भगतावाला के समीप फतेह सिंह कॉलोनी में एक मकान, पंज पीर न्यू गोल्डन एवेन्यू के समीप एक प्लाट में, थाना सदर रामतीर्थ रोड की ओर जाते रास्ते में एक कबाड़ की दुकान, घासमंडी में आगजनी की घटना हुई हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *