पोस्‍टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा, दोनों बहनों के साथ हुआ रेप; बॉडी पर चोट के निशान

पोस्‍टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा, दोनों बहनों के साथ हुआ रेप; बॉडी पर चोट के निशान

 

Sisters Rape-Murder Case: पुलिस ने इस घटना के बाद विधानसभा के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है.धरना-प्रदर्शन को रोकने के लिए विधानसभा के सभी गेटों पर सुरक्षा कड़ी कर दी है और पुलिस बल को तैनात किया गया है

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निघासन में दो दलित बहनों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है, जिसमें रेप के बाद गला दबाकर हत्या की पुष्टि हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया था, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई. दोनों बहनों के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं. पोस्टमॉर्टम के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अब रिपोर्ट तैयार की जाएगी और गोपनीय दस्तावेज होने के कारण प्रक्रिया के तहत उसे सौंपा जाएगा.CMO अरुणेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि डॉक्टरों ने पैनल ने वीडियोग्राफर की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम किया है. रिपोर्ट कोर्ट को सौंपी जाएगी और एक कॉपी एसपी को दी जाएगी.वहीं पुलिस ने इस घटना के बाद विधानसभा के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है.धरना-प्रदर्शन को रोकने के लिए विधानसभा के सभी गेटों पर सुरक्षा कड़ी कर दी है और पुलिस बल को तैनात किया गया है.

पुलिस ने किए कई खुलासे

घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि रेप के बाद घटना को कुल 6 लोगों ने अंजाम दिया. नामजद छोटू सहित 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. आरोपियों की पहचान छोटू, सुहेल, जुनैद, हफीजुल्लाह, करीमुद्दीन, आरिफ के रूप में हुई है. घटना में शामिल सभी आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं. पुलिस ने एक आरोपी जुनैद को झंडी चौकी क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. उसके पैर में गोली लगी है. पुलिस ने पॉक्सो और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. एसपी ने कहा कि लड़कियां मर्जी से बाइक पर बैठकर आरोपियों के साथ गई थीं. वहां उनके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए गए. उनकी हत्या करके शव फंदे पर लटका दिया गया.

एसपी ने बताया कि आरोपी लड़कियों को बहला-फुसला कर खेत में ले गए थे. सभी आरोपी आपस में दोस्त हैं. मुख्य आरोपी छोटू मौके पर मौजूद नहीं था. सुहेल और जुनैद ने पूछताछ में रेप की बात कबूल की है. मुख्य साजिशकर्ता गांव के छोटू ने ही लड़कियों से इनकी दोस्ती कराई थी. लेकिन बुधवार को आरोपी बहला फुसला कर दोनों लड़कियों को खेत में ले गए और वहां दुष्कर्म किया. बुधवार को ऐसी बात सामने आई थी कि पुलिस ने जबरन पोस्टमॉर्टम कराया, जो गलत है. आरोपियों के कपड़े का और उनका डीएनए टेस्ट भी कराया जा रहा है.

मां बोली- अगवा करके बाइक पर ले गए

बुधवार को लखीमपुर के निघासन थाना इलाके के तमोलीन पुरवा गांव में दो दलित सगी बहनों के शव पेड़ पर लटके मिले थे. ये दोनों बुधवार से गायब थीं, जिसके बाद नजदीकी गन्ने के खेत में लगे एक पेड़ से दोनों के शव झूलते मिले. मृतक लड़कियों की मां ने बताया कि बड़ी बेटी 17 और छोटी 15 साल की थी. दोनों घर के बाहर बैठी हुई थीं. इस बीच जब वह घर के अंदर गई तभी बाइक सवार 3 युवक पहुंच गए. उन तीनों में से 2 लड़कों ने बेटियों को घसीटकर बाइक पर बैठा लिया और फरार हो गए. उसके बाद दोनों बेटियों के शव पेड़ पर लटके मिले.

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

वारदात के वक्त पिता घर पर नहीं थे. बेटियों के शव मिलने के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है. पिता ने बताया, मैं जब घर पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला. मैंने आसपास के लोगों से पूछा तो मुझे घटना के बारे में पता चला. मैं भी उधर की तरफ भागा, जिधर सब गए थे. वहां मेरी बेटी के शव पेड़ पर लटके हुए थे. गांव के ही एक लड़के ने अपहरण करके मेरी बेटियों की हत्या की है. उन्होंने कहा कि मुझे न्याय चाहिए. दोषियों को फांसी पर लटका देना चाहिए.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *