अलीगढ़-आगरा हाइवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से 6 कांवड़ियों की मौत
उत्तर प्रदेशः आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर सादाबाद के पास शुक्रवार देर रात उस समय बड़ा हादसा हुआ जब एक ट्रक की चपेट में आने से 6 कांवड़ियों की मौत हो गई है और करीब 7-8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह कांवडिये हरिद्वार से गंगाजल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद डाला। टक्कर इतनी भीषण थी कि इस हादसे में पांच कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान एक और की मौत हो गई। वहीं, हाथरस डीएम रमेश रंजन ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये मदद देने की घोषणा की ।
घटना संबंधी जानकारी देते हुए एक कांवड़िये ने बताया कि वो ढाबे पर खाना खा रहे थे। तभी एक ट्रक चालक ने लोगों पर ट्रक चढ़ा दिया। ये कांवड़िये ग्वालियर जा रहे थे। ग्वालियर के कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार से गंगाजल लेकर जा रहा था। सादाबाद से चार किलोमीटर पहले बढ़ार चौराहे के पास पीछे से आ रहे अनयिंत्रित ट्रक कांवड़ियों को रौंदते हुए चला गया। आगरा जोन के एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि घटना के बाद ड्राइवर डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। 42 लोगों का जत्था एक साथ गंगाजल लेकर जा रहा था।
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6 कांवड़ियों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायल का बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी घटना पर दुख जताया है।








Leave a Reply