मूसेवाला हत्याकांड में पजांब नहीं आना चाहता गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, एनकाउंटर की आशंका
चंडीगढ़ः मशहूर पंजाबी गायक और कांग्रेसी नेता सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई थी। इस पर आज सुनवाई होगी। पुलिस से पूछताछ के दौरान लॉरेंस ने कहा कि उसका मूसेवाला की हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। लॉरेंस को पंजाब पुलिस पर उसके एनकाउंटर करने का शक है और वह पंजाब नहीं आना चाहता। हालांकि मानसा पुलिस ने उसे पंजाब लाने की पूरी तैयारी कर ली है। फिलहाल लॉरेंस 5 दिन के रिमांड पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के पास है।
लॉरेंस खुद को सोशल मीडिया पोस्ट से भी अलग कर रहा है जिसमें उसके गिरोह के सदस्य गोल्डी बराड़ ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। लॉरेंस और गोल्डी बराड़ हर बार नए निशानेबाजों का इस्तेमाल करते हैं ताकि पुलिस उन तक आसानी से न पहुंच सके। गैंगस्टर लॉरेंस ने वकीलों के जरिए पिटीशन में दलील दी कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद पंजाब में माहौल बदला हुआ है। सरकार राजनीतिक स्थिति को सुधारने के लिए उसका फेक एनकाउंटर करवा सकती है। इसलिए उसका पंजाब का प्रोडक्शन वारंट न दिया जाए। अगर उसे पंजाब भेजा जाए तो फिर दिल्ली पुलिस की सुरक्षा दी जाए।
बता दें कि मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की रविवार शाम साढ़े 5 बजे मानसा के जवाहरके गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद कनाडा बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने हत्या की जिम्मेदारी ली। गोल्डी तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस का खास है। इसके बाद दिल्ली पुलिस के गिरफ्तार किए 2 लाख के ईनामी गैंगस्टर शाहरूख से पूछताछ का ब्यौरा सामने आया। शाहरूख ने कहा कि मूसेवाला की हत्या की साजिश तिहाड़ जेल में रची गई। जिसके बाद पंजाब पुलिस लॉरेंस से पूछताछ करना चाहती है।








Leave a Reply