पंजाबः 1 जुलाई से हर घर में मिलेगी 300 यूनिट फ्री बिजली, मान सरकार ने जारी किया 30 दिनों का रिपोर्ट कार्ड
चंडीगढ़ः पंजाब में भगवंत मान सरकार को सत्ता में आए आज एक महीना पूरा हो गया है। इस मौके पर आम आदमी पार्टी की सरकार ने आम जनता को राहत देते हुए बड़ा ऐलान किया है। यहां 1 जुलाई से पंजाब के लोगों को 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। इस ऐलान के बाद आप सरकार ने अपना पहला चुनावी वादा पूरा कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें कोई कैटेगिरी नहीं होगी। गरीब से लेकर अमीर परिवारों को 2 महीने में 600 यूनिट फ्री बिजली मिलेगी। जिस परिवार का बिल 2 महीने में 600 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च होगी, उन्हें पूरा बिल देना पड़ेगा। वहीं, सरकार व्यवसायिक और औद्योगिक बिजली के रेट में कोई बढ़ोत्तरी नहीं करेगी। किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी भी जारी रहेगी।
हालांकि पहले से 200 यूनिट छूट ले रहे एससी, बीसी और गरीबी रेखा से नीचे बीपीएल परिवारों को अब प्रतिमाह 300 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। उसके ऊपर वह जो बिजली खर्च करेंगे, सिर्फ उसी का बिल देना होगा। उन्हें पूरा बिल नहीं चुकाना होगा। भगवंत मान ने कहा कि इनका उदे्श्य आने वाले कुछ सालों में पंजाब में 24 घंटे बिजली की सप्लाई देना है और पंजाब में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध करवाना है।
इस मुद्दे के बारे में आप के पंजाब प्रदेश प्रवक्ता नील गर्ग ने अखबारों में दिए इश्तेहारों के हवाले से जानकारी दी है। इसके अलावा मान सरकार ने पंजाब के हर अखबार में पंजाब सरकार का 30 दिनों का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया है। इसमें सरकार द्वारा बीते एक महीने में किए गए कामों का जिक्र है। अपने रिपोर्ट कार्ड में मान सरकार ने जिक्र किया है कि उन्होंने एंटी करप्शन लाइन की शुरुआत की और 25 हजार नई सरकारी नौकरियों का ऐलान किया।








Leave a Reply