शिमोगा में हुई बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या मामले में दो और लोग गिरफ्तार…

शिमोगा में हुई बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या मामले में दो और लोग गिरफ्तार,

 

पूर्वी रेंज के डीआईजी डॉ. के थियागराजन ने कहा, शिमोगा में स्थिति बेहतर है और नियंत्रण में है. समय के साथ ये और बेहतर हो रही है. हमारे पास पर्याप्त फोर्स है. केएसआरपी, आरएएफ की 20 प्लाटून मौजूद हैं.

 

कर्नाटक के शिमोगा जिले में बजरंग दल के कार्यकर्ता (Bajrang Dal activist) हर्ष की हत्या के संबंध में पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है. इससे पहले हत्या मामले के 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. गृह मंत्री अरगा ज्ञानेंद्र ने बताया, दो नई गिरफ्तारी के साथ ही अब इस मामले में कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. अरगा ज्ञानेंद्र ने कहा कि 2 एडीजीपी और पुलिस बल सहित वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं. मामले में 8 आरोपियों को अब तक आधिकारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है, अन्य से पूछताछ की जा रही है.

पूर्वी रेंज के डीआईजी डॉ. के थियागराजन ने कहा, ‘शिमोगा में स्थिति बेहतर है और नियंत्रण में है. समय के साथ ये और बेहतर हो रही है. हमारे पास पर्याप्त फोर्स है. केएसआरपी, आरएएफ की 20 प्लाटून मौजूद हैं. हमने जनता में विश्वास जगाने के लिए कल फ्लैग मार्च भी किया था.’ पुलिस के मुताबिक मंगलवार तक इस मामले के सिलसिले में मोहम्मद कासिफ, सैयद नदीम, अशीफुल्ला खान, रेहान खान, नेहल और अब्दुल अफनान को गिरफ्तार किया था. इन सभी आरोपियों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच है, सिवाय कासिफ के जिसकी उम्र 32 वर्ष है. ये सभी शिमोगा के निवासी हैं.

पुलिस ने बताया कि ये लोग पहले एक साथ रह रहे थे लेकिन अब अलग रह रहे हैं. काशिफ के खिलाफ कुछ आपराधिक मामले हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ और लोग शामिल हैं और उन्हें पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है. अधिकारी ने कहा कि चार आरोपी सीधे तौर पर मामले में शामिल थे जबकि दो अन्य साजिश का हिस्सा थे. उन्होंने कहा कि 12 और लोगों को हिरासत में लिया गया था और उनसे पूछताछ की गई लेकिन उनकी भूमिका सामने नहीं आई. उन्होंने कहा कि हर्ष के खिलाफ भी दंगा सहित अन्य मामले लंबित हैं.

इस बीच, पीड़ित की बहन अश्विनी ने कहा कि उन्हें अपने भाई की खून से लथपथ तस्वीरें और वीडियो अज्ञात मोबाइल फोन नंबरों से मिल रहे हैं. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘मेरा भाई हमेशा ‘जय श्री राम’ का जाप करता था और अब वह इस दुनिया में नहीं है. क्या इस बर्बर तरीके से किसी व्यक्ति की जान लेनी चाहिए. क्या उनके परिवार में सदस्य नहीं हैं. क्या मानवता के लिए कोई मूल्य नहीं है.’ अश्विनी ने लोगों से कट्टरता छोड़ने की अपील की.

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सी. प्रताप रेड्डी ने कहा कि धारा 144 लागू होने के बावजूद मंगलवार की सुबह तुंगनगर क्षेत्र में कुछ वाहनों में आग लगा दी गई. उन्होंने कहा, ‘हर्ष की हत्या के बाद से शहर में तनाव का माहौल है. शिमोगा में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है तथा स्थिति और न बिगड़े, इसके लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की ओर से प्रबंध किए गए हैं.’

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *