चन्नी के ‘भैया’ वाले बयान पर PM मोदी का चन्नी और प्रियंका गांधी पर हमला- कांग्रेस हमेशा से एक-दूसरे को लड़ाती आई है
Punjab assembly election 2022: पंजाब के अबोहर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कांग्रेस (Congress) पर जमकर हमला किया. उन्होंने ‘भैया’ वाले बयान पर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती आई है. यहां कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया, जिस पर दिल्ली का परिवार उनके साथ खड़े होकर तालियां बजा रहे थे, वो पूरे देश ने देखा. अपने इन बयानों से ये लोग किसका अपमान कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि यहां का कोई ऐसा गांव नहीं होगा, जहां हमारे उत्तर प्रदेश या बिहार के भाई बहन मेहनत न करते हों. पीएम मोदी ने कहा कि कल ही हमने संत रविदास जी की जयंती मनाई है. वो कहां पैदा हुए? उत्तर प्रदेश में, बनारस में. क्या आप संत रविदास जी को भी पंजाब से निकाल देंगे? गुरू गोविंद सिंह जी का जन्म कहां हुआ था? पटना साहिब, बिहार में. क्या आप गुरू गोविंद जी को भी पंजाब से निकाल देंगे?
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी (BJP) पूरे समर्पित भाव से पंजाब के लोगों के सामने पंजाब की सुरक्षा और विकास का संकल्प लेकर आई है. एक बार भाजपा को आपकी सेवा करने का मौका दीजिए. फिर देखिएगा कि डबल इंजन की सरकार कैसे पंजाब को तेज गति से आगे बढ़ाती है. पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज पंजाब को एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो देशभक्ति से प्रेरणा ले. पीएम मोदी ने कहा कि हमारा पंजाब सीमावर्ती राज्य है. इस पर सीमापार से हमेशा नापाक नजरें बनी रहती हैं. इसलिए यहां जो सरकार बनेगी वो राष्ट्र प्रथम, Nation First की प्रतिबद्ध सरकार होनी चाहिए, ढुलमुल रवैये वाले लोग नहीं होने चाहिए.
उन्होंने आगे कहा कि देश के इतने सारे राज्य हैं जहां कांग्रेस एक बार गई, फिर लौटकर नहीं आई और जहां बीजेपी को आशीर्वाद मिल गया, वहां तो कांग्रेस जड़-मूल से साफ हो गई. प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब के किसानों को नई सोच और विजन वाली सरकार चाहिए. किसान को बेहतर फसल, कम लागत और बेहतर कीमत की जरूरत है. इसके लिए हमारी सरकार बीज से बाजार तक नई व्यवस्था बना रही है. पंजाब में आज हर व्यापार, माफियाओं के कब्जे में है. व्यापारियों को माफियाओं की कृपा पर जीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. इसकी सबसे बड़ी तकलीफ हमारे छोटे व्यापारियों को हो रही है. इतनी संभावनाओं से भरा पूरा पंजाब, लेकिन इंडस्ट्रीज़ यहां से छोड़कर जा रही हैं. कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण यहां जल्दी कोई आने को तैयार नहीं. इन स्थितियों को भी डबल इंजन की सरकार ही बदल सकती है.









Leave a Reply