महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, बोले- उनकी बहादुरी और सेवा को हमेशा याद किया जाएगा
नई दिल्ली: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 74वीं पुण्यतिथि पर राष्ट्र उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। अन्य देशों में भी लोग अहिंसा के पुजारी बापू को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। रविवार को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने राजघाट पर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुण्यतिथि पर बापू को याद करते हुए कहा कि उनके नेक आदर्शों को और लोकप्रिय बनाने का हमारा सामूहिक प्रयास है। उन्होंने आगे कहा, ”आज शहीद दिवस पर उन सभी महानुभावों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने साहसपूर्वक हमारे देश की रक्षा की। उनकी सेवा और वीरता को हमेशा याद किया जाएगा।”
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के विचार सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “महात्मा गांधी जी ने हर भारतीय के हृदय में स्वदेशी, स्वभाषा और स्वराज की अलख जगाई। उनके विचार और आदर्श सदैव हर भारतवासी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। आज पूज्य बापू की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन कर श्रद्धांजलि देता हूं।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी का महान व्यक्तित्व, उनके विचार और आदर्श आज भी हम सबको एक बेहतर भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। पूज्य बापू जी के स्मृति दिवस पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन।”








Leave a Reply